कैसे चंद लफ्ज़ों में सारा प्यार लिखूँ

शब्द नए चुनकर गीत वही हर बार लिखूँ,
उन दो आँखों में अपना सारा संसार लिखूँ,
विरह की वेदना या मिलन की झंकार लिखूँ,
कैसे चंद लफ्ज़ों में सारा प्यार लिखूँ…………..

उसकी देह का श्रृंगार या अपनी हथेली का अंगार लिखूँ,
साँसों का थमना या धड़कन की रफ़्तार लिखूँ,
जिस्मों का मिलना या रूहों की पुकार लिखूँ,
कैसे चंद लफ्ज़ों में सारा प्यार लिखूँ…………..

जुदाई का आलम या मदहोशी में तन मन लिखूँ,
बेताबी, बेचैनी, बेकरारी, बेखुदी, बेहोशी, ख़ामोशी,
कैसे चंद लफ्ज़ों में दिल की तड़प लिखूँ,

इज़हार लिखूँ, इकरार लिखूँ, एतबार लिखूँ, या इनकार लिखूँ,
कुछ नए अर्थों में पीर पुरानी हर बार लिखूँ,
इस दिल का उस दिल पर, उस दिल का इस दिल पर,
कैसे चंद लफ्ज़ों में सारा अधिकार लिखूँ………..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *